Since: 23-09-2009
रायपुर।कोरबा शहर की प्रमुख सड़कों को बेहतर और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए शनिवार से डामरीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ हो गया। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने कार्यस्थल पर पहुंचकर चल रहे डामरीकरण कार्यों का अवलोकन किया और नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि उद्योग मंत्री देवांगन के विशेष प्रयासों से कोरबा नगर निगम क्षेत्र के 20 प्रमुख मार्गों के डामरीकरण के लिए 24 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इन सभी विकास कार्यों का भूमिपूजन 19 अक्टूबर को कोसाबाड़ी चौक पर संपन्न हुआ था, जिसके बाद शनिवार को सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर पहले चरण के डामरीकरण कार्य की शुरुआत की गई। आने वाले दिनों में शहर के अन्य सभी 20 प्रमुख मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से काम किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को जर्जर सड़कों से निजात मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान उद्योग मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के सभी स्वीकृत डामरीकरण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए, क्योंकि गुणवत्तापूर्ण सड़कें ही लंबे समय तक नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा दे सकती हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्यों को इस प्रकार व्यवस्थित ढंग से पूर्ण किया जाए कि आम नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
कोरबा जैसे औद्योगिक शहर में भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़कें जल्दी खराब हो जाती हैं, इसलिए इन सड़कों का मजबूत डामरीकरण बेहद जरूरी था। इन कार्यों के पूरा होने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।इस अवसर पर नगर निगम के अधीक्षण अभियंता, प्रभारी कार्यपालन अभियंता, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, चंद्रलोक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |