Since: 23-09-2009
भोपाल। डिजिटल मोर्चे पर अपनी तैयारियों को भाजपा मजबूत कर रही। 26 अक्टूबर को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला को सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खण्डेलवाल, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मध्यप्रदेश प्रभारी बिप्लब देब, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के और सह संयोजक शिवानंद द्विवेदी संबोधित करेंगे। कार्यशाला में प्रदेश भर से आए सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन के आगामी डिजिटल अभियानों की रूपरेखा, सोशल मीडिया पर पार्टी की प्रभावी उपस्थिति और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के तरीकों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। भाजपा के सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी ने बताया कि इस कार्यशाला में सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश पदाधिकारी, सभी संभागों के प्रभारी और सह प्रभारी, जिला संयोजक, सह संयोजक और बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता शामिल होंगे। सोशल मीडिया आज जन संवाद का सबसे सशक्त माध्यम बन गया है और पार्टी इस माध्यम से युवाओं तक सीधे पहुंचने की रणनीति पर काम कर रही है।
इसी कड़ी में शाम 7 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में भजन जैमिंग कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |