Since: 23-09-2009
भोपाल, 26 अक्टूबर 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल ने सोमवार को भोपाल के एमवीएम कॉलेज ग्राउंड में चल रहे स्वदेशी मेले का अवलोकन किया। स्वदेशी जागरण मंच और स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस मेले में उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर जाकर उत्पादों को देखा, कारीगरों और उद्यमियों से चर्चा की और स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर सभी को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी सिर्फ एक सामान खरीदना भर नहीं है, बल्कि यह देश के कारीगरों की मेहनत, उनकी कला और उनके हुनर को सम्मान और प्रोत्साहन देने का काम है। जब हम स्वदेशी उत्पाद खरीदते हैं तो उसका सीधा लाभ हमारे देश के छोटे उद्यमियों, हस्तशिल्पियों, बुनकरों और स्थानीय उत्पादकों को मिलता है और इससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में स्वदेशी की सबसे बड़ी भूमिका है। आत्मनिर्भरता तभी आएगी जब हम अपने दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली वस्तुओं में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देंगे। विदेशी उत्पादों पर निर्भरता कम करके और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर ही हम भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बना सकते हैं। स्वदेशी अपनाने से न केवल रोजगार के नए अवसर बनते हैं बल्कि उद्यमशीलता को भी नया प्रोत्साहन मिलता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वयं भी स्वदेशी उत्पादों का अधिक से अधिक उपयोग करें और अपने परिवार, मित्रों और समाज के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि भोपाल के एमवीएम परिसर में 24 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित हो रहा यह स्वदेशी मेला स्थानीय प्रतिभाओं और स्वदेशी उत्पादों को एक बड़ा मंच प्रदान कर रहा है। मेले में देशभर से आए उत्पादकों के 200 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां हाथ से बने वस्त्र, हस्तशिल्प, जैविक उत्पाद, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की स्वदेशी वस्तुओं की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि यह मेला केवल प्रदर्शनी नहीं बल्कि स्वदेशी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम है। स्वदेशी जागरण मंच की इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारतीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना, स्थानीय कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराना और आत्मनिर्भर भारत की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। ऐसे आयोजनों से उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण स्वदेशी विकल्प मिलते हैं और उत्पादकों को सीधे ग्राहकों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |