Since: 23-09-2009
भोपाल। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा की गई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिताजी के खिलाफ कथित अशोभनीय टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को भोपाल में प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रेडक्रॉस चौराहे से कांग्रेस कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्य ने किया। उनके साथ विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने बारी-बारी से संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
*राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन कांग्रेस की आदत - लालसिंह आर्य*
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि कांग्रेस का मानसिक दिवालियापन पूरी तरह उजागर हो गया है। प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते कांग्रेस अब उनके दिवंगत पिताजी तक पर टिप्पणी करने लगी है, जो राजनीतिक मर्यादाओं का खुला उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की शालीनता बनाए रखना सबसे जरूरी है। लोकतंत्र में नीतियों का विरोध हो सकता है, लेकिन परिवार को निशाना बनाना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। प्रधानमंत्री ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र सेवा में लगा दिया है, उनके परिवार पर इस तरह की टिप्पणी कांग्रेस की कुंठित मानसिकता को दिखाती है। कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए और अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
*कांग्रेस ने हमेशा से लोकतंत्र का अपमान किया है - रामेश्वर शर्मा*
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि राजनीतिक मर्यादाओं को तोड़ना और महापुरुषों व विरोधी नेताओं के परिवार पर टिप्पणी करना कांग्रेस की पुरानी आदत बन गई है। कांग्रेस ने हमेशा से लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान किया है। प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं और कांग्रेस उनकी लोकप्रियता से बौखला गई है। इसलिए अब वह स्तरहीन बयानबाजी पर उतर आई है। देश की जनता इस तरह की राजनीति को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी और आने वाले चुनावों में इसका जवाब देगी।
*व्यक्तिगत टिप्पणी से स्वस्थ लोकतंत्र को नुकसान - भगवानदास सबनानी*
विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि अशोभनीय भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विरुद्ध है। राजनीतिक प्रतिस्पर्धा विचारधारा और विकास के मुद्दों पर होनी चाहिए, न कि किसी के माता-पिता को लेकर। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से इस तरह की भाषा की उम्मीद नहीं थी। इससे युवा पीढ़ी के सामने गलत उदाहरण प्रस्तुत होता है और स्वस्थ राजनीतिक विमर्श को नुकसान पहुंचता है।
*प्रदर्शन में बड़ी संख्या में नेता रहे मौजूद*
प्रदर्शन के दौरान सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि यह सिर्फ प्रधानमंत्री का नहीं बल्कि देश के हर परिवार का अपमान है। महापौर मालती राय ने कहा कि नारी शक्ति भी इस अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी निंदा करती है। पूर्व सांसद आलोक संजर और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन ने कहा कि कांग्रेस का चाल-चरित्र हमेशा से परिवारवाद और व्यक्तिगत हमलों पर आधारित रहा है। नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी और युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अजय पाटीदार ने कहा कि युवा मोर्चा इस लड़ाई को सड़क से सोशल मीडिया तक लड़ेगा। प्रदर्शन में हजारों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |