Since: 23-09-2009
भोपाल, 26 अक्टूबर 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कोर ग्रुप की बैठक के बाद मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित हुई, जिसमें संगठनात्मक, राजनीतिक और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने बताया कि बैठक में तय किया गया कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत इंदौर, जबलपुर और भोपाल में बड़े स्तर पर रैलियां आयोजित की जाएंगी। इन रैलियों में लगभग एक लाख लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम आयोजित कर लोकतंत्र बचाने और अराजकता हटाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। यह अभियान कांग्रेस द्वारा संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने और अराजकता फैलाने की कोशिशों के खिलाफ जनजागरूकता के लिए चलाया जाएगा।
भगवान बिरसा मुंडा जयंती 15 नवंबर के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। जनजातीय गौरव दिवस को बड़े स्तर पर मनाने और जनजातीय समाज के योगदान को जनता तक पहुंचाने की योजना बनाई गई।
खंडेलवाल ने बताया कि राज्यसभा की रिक्त एक सीट के लिए उम्मीदवार के चयन को लेकर भी कोर कमेटी में विचार-विमर्श हुआ। प्रदेश और प्रदेश के बाहर के संभावित उम्मीदवारों सहित चार-पांच नामों पर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से तय हुआ कि चार-पांच नामों का पैनल बनाकर केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा, जो अंतिम निर्णय लेगा।
बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं का मध्यप्रदेश को अधिकतम लाभ दिलाने के लिए प्रभावी समन्वय और कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के मंत्रियों के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाकर केंद्र की योजनाओं को प्रदेश की जनता तक अधिकतम पहुंचाने के लिए काम किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार के प्रत्येक मंत्रालय के साथ एक-एक सांसद को जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि राज्य के मंत्री, सांसद और अधिकारी आपसी समन्वय से योजनाओं के क्रियान्वयन को गति दे सकें।
कोर कमेटी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के विरुद्ध कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा की गई अशोभनीय एवं अपमानजनक टिप्पणी की घोर निंदा की। इस टिप्पणी के विरोध में कोर कमेटी ने निंदा प्रस्ताव पारित किया और इस बयान की कड़ी भर्त्सना की गई।
समान नागरिक संहिता यूसीसी पारित होने के विषय पर भी कोर कमेटी में चर्चा हुई। इसके साथ ही प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी कार्यों और विभिन्न विभागों के कामकाज को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ। तय किया गया कि सरकार के तीन वर्षों की उपलब्धियों के साथ मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के कार्यों को भी सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि सरकार के काम और जनप्रतिनिधियों के प्रयास पारदर्शी रूप से जनता तक पहुंच सकें।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |