Since: 23-09-2009
रायपुर, 26 अक्टूबर 2026।* भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी के दर्शन हर श्रद्धालु की इच्छा होती है, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण कई लोगों का यह सपना अधूरा रह जाता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल पर सरकार द्वारा संचालित श्री रामलला अयोध्या धाम तीर्थ दर्शन योजना ऐसे श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मनोकामनाओं को साकार कर रही है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के श्रद्धालुओं के लिए यह योजना आस्था के साथ खुशियों की सौगात लेकर आई है। योजना के तहत जिले के 30 श्रद्धालुओं ने 21 से 24 अक्टूबर तक चार दिवसीय निःशुल्क तीर्थ यात्रा में अयोध्या स्थित भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन किए। दर्शन कर लौटे श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखा। उन्होंने यात्रा को जीवन का यादगार अनुभव बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
*कभी कल्पना नहीं की थी कि अयोध्या और काशी के दर्शन कर पाऊंगा: मनोहर लाल साहू*
ग्राम पवनी निवासी मनोहर लाल साहू के लिए यह यात्रा सपने के साकार होने जैसी थी। उन्होंने भावुक होकर बताया कि कभी सोचा भी नहीं था कि रेलगाड़ी से दूसरे राज्य जाकर भगवान श्रीराम और बाबा विश्वनाथ के दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। वर्षों से मन में संजोई इच्छा शासन की इस योजना से पूरी हो गई। यात्रा के दौरान आवागमन, भोजन और दर्शन की बेहतर व्यवस्था के कारण कोई परेशानी नहीं हुई। मुख्यमंत्री ने निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराकर उनके जैसे अनेक श्रद्धालुओं की मनोकामना पूरी की है।
*बिना आर्थिक बोझ के पूरी हुई मन की मुराद: वृंदा यादव*
सारंगढ़ निवासी वृंदा यादव के लिए भी यह यात्रा अनमोल स्मृति बन गई। उन्होंने बताया कि अयोध्या में भगवान श्रीराम और काशी विश्वनाथ के दर्शन अत्यंत सुखद और अविस्मरणीय अनुभव रहे। यात्रा पूरी तरह निःशुल्क होने से उन्हें किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ा। परिवहन, भोजन और अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था ने यात्रा को सहज बनाया। शासन की इस पहल से उनकी वर्षों पुरानी इच्छा पूरी हुई है।
*330 से अधिक श्रद्धालुओं के जीवन में आई आस्था और खुशियों की सौगात*
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित इस योजना से अब तक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 330 से अधिक नागरिक लाभान्वित हो चुके हैं। विशेषकर वरिष्ठजनों और आर्थिक कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह योजना वरदान साबित हो रही है। राज्य शासन और जिला प्रशासन के समन्वय से श्रद्धालुओं को निःशुल्क परिवहन, भोजन और मंदिर दर्शन सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि इस चार दिवसीय तीर्थ यात्रा के लिए चयनित 30 श्रद्धालुओं को कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया था। श्री रामलला अयोध्या धाम तीर्थ दर्शन योजना केवल धार्मिक स्थलों के दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए उनके जीवन में सुखद अनुभूतियां जोड़ रही है। अयोध्या और काशी से लौटे श्रद्धालुओं की मुस्कान इस योजना की सफलता की जीवंत मिसाल है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |