Since: 23-09-2009
रायपुर, 27 अक्टूबर 2026।* प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और प्रत्येक नागरिक तक बेहतर उपचार की पहुंच सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, सिविल लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों में नवनियुक्त 520 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग में सेवा का अवसर मिलना एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। अस्पताल आने वाला प्रत्येक व्यक्ति और उसका परिवार स्वास्थ्यकर्मियों की ओर बड़ी आशा और विश्वास से देखता है। रोगियों की सेवा से बढ़कर कोई कार्य नहीं है। आप अपनी ड्यूटी को केवल नौकरी न मानें, बल्कि जनसेवा और पुण्य का कार्य समझकर पूरी ईमानदारी और समर्पण से कार्य करें।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। राज्य सरकार शहरों के साथ-साथ गांवों, जनजातीय अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में भी लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले 25 वर्षों में स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है और नए मेडिकल कॉलेजों, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और मानव संसाधन को बढ़ाने पर कार्य जारी है।
*14 जिलों में सेवाएं देंगे 520 नवनियुक्त स्वास्थ्यकर्मी*
स्वास्थ्य विभाग में कुल 520 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों में:
- स्टाफ नर्स - 208 पद
- ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष - 95 पद
- ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला - 94 पद
- फार्मासिस्ट - 25 पद
- वार्ड बॉय - 50 पद
- वार्ड आया - 48 पद
ये कर्मचारी प्रदेश के 14 जिलों में सेवाएं देंगे, जिनमें अधिकांश जनजातीय बहुल जिले हैं। इससे बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भौगोलिक दूरी किसी भी नागरिक के लिए बेहतर इलाज प्राप्त करने में बाधा न बने, यही सरकार का लक्ष्य है।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि सभी 520 कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ समयसीमा में पूरी की गई है और आगे भी आवश्यकता के अनुसार भर्तियां जारी रहेंगी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, आयुक्त संजीव झा और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |