Since: 23-09-2009
रायपुर, 27 अक्टूबर 2026।* मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ हर्बल्स के दिवाली गिफ्ट पैक का लोकार्पण किया।
वन धन विकास केंद्रों से जुड़े महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा स्थानीय और हर्बल उत्पादों से यह आकर्षक गिफ्ट पैक तैयार किया गया है। इस पहल से छत्तीसगढ़ के गुणवत्तापूर्ण स्थानीय उत्पादों को बड़ा बाजार मिलेगा, वहीं लघु वनोपज संग्राहकों और महिला समूहों की आय भी बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध वन संपदा लाखों वनवासी परिवारों की आजीविका का आधार है। सरकार का प्रयास है कि वनों से मिलने वाली उपज का अधिक से अधिक मूल्य संवर्धन प्रदेश में ही हो और इसका सीधा लाभ संग्राहकों और महिला समूहों तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि वन धन केंद्रों के माध्यम से माताएं-बहनें स्थानीय वनोपज को प्रसंस्कृत कर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद बना रही हैं। बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़कर उनके परिश्रम को नई पहचान दी जा रही है। छत्तीसगढ़ हर्बल्स के गिफ्ट पैक इसी दिशा में एक सार्थक पहल हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्थानीय उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया और कहा कि जब हम छत्तीसगढ़ में बने उत्पाद खरीदते हैं तो उसका लाभ सीधे वनांचल के परिवारों और महिला समूहों तक पहुंचता है।
*दो श्रेणियों में उपलब्ध हैं गिफ्ट पैक*
छत्तीसगढ़ हर्बल्स के दिवाली गिफ्ट पैक दो श्रेणियों में तैयार किए गए हैं। प्रीमियम पैक में नौ प्रकार के और सामान्य पैक में पांच प्रकार के उत्पाद शामिल हैं। आम नागरिक इन्हें लघु वनोपज सहकारी संघ द्वारा संचालित संजीवनी विक्रय केंद्रों से खरीद सकेंगे।
गिफ्ट पैक में जामुन जूस, जामुन स्प्रेड, आंवला कैंडी, इमली कैंडी, कोदो और महुआ से बने कुकीज, च्यवनप्राश, वाइल्ड फॉरेस्ट हनी, बस्तर के मसाला और नमकीन काजू, जशपुर की ग्रीन टी और एलोवेरा जेल जैसे उत्पाद शामिल हैं।
*वन धन केंद्रों में हो रहा निर्माण*
ये उत्पाद प्रदेश के विभिन्न वन धन विकास केंद्रों - कौरीनभाटा (राजनांदगांव), बोड़ला (कवर्धा), पंचक्की (जशपुर), आसना (जगदलपुर), दुगली (धमतरी), डोंगानाला (कटघोरा) और केंद्रीय प्रसंस्करण इकाई जामगांव, दुर्ग में तैयार हो रहे हैं। इन केंद्रों का वार्षिक कारोबार लगभग 60 से 70 लाख रुपये है, जहां महिलाएं उत्पादन, प्रसंस्करण और पैकेजिंग से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |