Since: 23-09-2009
भोपाल।* उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सोमवार को भोपाल स्थित निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सागर जिले में पदस्थ बांड डॉक्टर्स से संवाद किया। उन्होंने नवागत चिकित्सकों को ग्रामीण अंचलों में पूरे मनोयोग, सेवाभाव और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सागर जिले में 61 बांड डॉक्टर्स की पदस्थापना की गई है, जिससे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। ग्रामीण क्षेत्र में कार्य करने का यह अनुभव डॉक्टरों को न केवल बेहतर चिकित्सक बनाएगा, बल्कि उनके पूरे करियर में काम आएगा। क्षेत्र के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में डॉक्टरों के आने से उत्साह है, इस विश्वास को अपने कार्य और व्यवहार से बनाए रखें।
*नवागत डॉक्टरों का ओरिएंटेशन कराया जाए*
श्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि सभी नवागत बांड डॉक्टर्स को उनके दायित्वों और कार्यप्रणाली का व्यवस्थित ओरिएंटेशन दिया जाए। उन्हें स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, जांच सेवाओं, एंबुलेंस व्यवस्था, रेफरल प्रक्रिया और शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाए। डॉक्टर आम नागरिकों को भी बताएं कि किस केंद्र पर कौन सी सुविधा मिलेगी।
*राष्ट्रीय कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन*
उन्होंने एनीमिया मुक्त भारत, टीबी मुक्त भारत अभियान और गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। चिकित्सक अपने क्षेत्र की स्थानीय बीमारियों, स्वास्थ्य संकेतकों और समस्याओं का अध्ययन करें और कमी दिखने पर वरिष्ठ अधिकारियों को बताएं।
*मैदानी अमले से समन्वय जरूरी*
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएचओ, आशा कार्यकर्ता और एएनएम के साथ नियमित संवाद करें। गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, एएनसी जांच, सुरक्षित प्रसव और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार निगरानी करें। इससे मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर कम करने में मदद मिलेगी।
*निरीक्षण व्यवस्था मजबूत हो*
उन्होंने निर्देश दिए कि बीएमओ सप्ताह में एक बार सभी पीएचसी का निरीक्षण करें और सीएमएचओ महीने में एक बार निरीक्षण कर समीक्षा करें। कमियों को चिह्नित कर उनका निराकरण किया जाए। डॉक्टरों को बेहतर कार्य वातावरण और सकारात्मक कार्य संस्कृति मिले।
*ई-संजीवनी का उपयोग बढ़ाएं*
श्री शुक्ल ने ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा का प्रभावी उपयोग करने को कहा। इससे दूरस्थ ग्रामीणों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श मिल सकेगा और उन्हें दूर जाने की जरूरत कम होगी।
अंत में बांड डॉक्टर्स ने अपने अनुभव साझा किए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर प्रतिभा पाल, सीएमएचओ और सभी बांड डॉक्टर्स शामिल रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |