Since: 23-09-2009
भोपाल, 27 अक्टूबर।* विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई वरिष्ठ नेता और SIR कमेटी के अध्यक्ष सज्जन सिंह वर्मा ने की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हो गए हैं और कई विसंगतियां सामने आई हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि 22 फरवरी 2026 को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची को निरस्त किया जाए और फॉर्म-6 न भर पाने के कारण छूटे हुए सभी पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएं।
कांग्रेस ने यह मांग भी रखी कि 2003 से जुड़े दस्तावेज पेश न कर पाने और लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के कारण बाहर किए गए मतदाताओं को सुनवाई का मौका दिया जाए और दस्तावेज सत्यापन के बाद ही अंतिम सूची प्रकाशित की जाए।
इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने फॉर्म-7 जमा करने का अधिकार सिर्फ संबंधित बीएलओ को देने और चुनाव मतपत्र (बैलेट पेपर) से कराने की मांग दोहराई।
ज्ञापन के दौरान सज्जन वर्मा के साथ जेपी धनोपिया, ललित सैन, इरफान खान, आरिफा खान, अनोखी मानसिंह पटेल, प्रवीण सक्सेना और मनोज राजानी सहित कई नेता मौजूद रहे। कांग्रेस ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और हर पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा जरूरी है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |