Since: 23-09-2009
राजगढ़, 28 अक्टूबर।* पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार को गुलावता से आगे बढ़ते हुए खुजनेर पहुंची।
यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह साधु-संतों और सहभागियों के साथ पदयात्रा करते हुए विभिन्न गांवों से गुजरे। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर सत्य, सनातन धर्म के सम्मान और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।
बुधवार को सुबह गुलावता स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर से पदयात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा शेरपुरा, ईचावदा, शंकर नगर, भैंसवा माता मंदिर जोड़ और ग्राम धामंदा स्थित सामुदायिक भवन होते हुए आगे बढ़ी। दोपहर भोजन और विश्राम के बाद यात्रा ने ग्राम आमला स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद ग्राम चिड़लावनिया होते हुए यात्रा खुजनेर पहुंची। रात्रि विश्राम मेड़तवाल वैश्य समाज धर्मशाला खुजनेर में रखा गया है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म के मूल आदर्शों सत्य, प्रेम, करुणा, दया और सद्भाव का संदेश देना है। सभी धर्मों का सम्मान और भाईचारे की भावना बनाए रखना जरूरी है।
यात्रा के माध्यम से धार्मिक स्थलों पर दान, चढ़ावे और मंदिर संपत्तियों की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता, राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे और सोने-चांदी की ईंटों का हिसाब सार्वजनिक करने, अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच तथा मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग भी उठाई जा रही है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |