Since: 23-09-2009
रायपुर, 28 अक्टूबर 2026।* मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर स्थित निवास कार्यालय से वर्चुअली बलरामपुर जिले के चिरई-जसवंतपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. लरंग साय का जीवन जनसेवा, जनजातीय समाज के उत्थान और सरगुजा अंचल के विकास के लिए समर्पित रहा। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को समाजसेवा और जनकल्याण की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ उनके आत्मीय संबंधों को भी याद किया।
*बलरामपुर को 202 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात*
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बलरामपुर जिले को 202.65 करोड़ रुपये के 2,009 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 156.68 करोड़ के 1,863 कार्यों का भूमिपूजन और 45.97 करोड़ के 146 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने तीन बड़ी घोषणाएं भी कीं -
1. शंकरगढ़ बालक हायर सेकेंडरी स्कूल के जर्जर भवन के स्थान पर नया भवन
2. चांदो में बड़े सामुदायिक भवन का निर्माण
3. स्व. लरंग साय की प्रतिमा स्थल के पास भव्य स्मृति द्वार का निर्माण
*धान खरीदी 15 नवंबर से, 360 नए केंद्र खुलेंगे*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जाएगा। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए खरीदी केंद्र खोले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार तेंदूपत्ता संग्रहण दर 4,000 से बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा कर चुकी है और चरण पादुका योजना फिर शुरू की गई है। पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए 32 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |