Since: 23-09-2009
*रायपुर, 28 अक्टूबर 2026।* मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सूरजपुर जिले को 232 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। रायपुर स्थित निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से उन्होंने प्रेमनगर में 24.29 करोड़ के 63 कार्यों का लोकार्पण और 208.20 करोड़ के 54 कार्यों का भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर नगर पंचायत के लिए 2.70 करोड़ के अतिरिक्त विकास कार्यों की भी घोषणा की। इसमें मंगल भवन के पास डोम के लिए 1 करोड़, इंडोर स्टेडियम के लिए 50 लाख और वार्ड 10, 11, 12 से विश्रामगृह तक 2 किमी बीटी सड़क के लिए 1.20 करोड़ शामिल है।
*जल संचय में सूरजपुर प्रदेश में प्रथम, देश में चौथे पर*
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संचय जनभागीदारी अभियान में सूरजपुर जिला प्रदेश में प्रथम और देश में चौथे स्थान पर रहा है, जो जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन के 2,212 कार्यों पर 130.56 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
*किसान और सिंचाई*
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान खरीदी की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए खरीदी केंद्र खोले जा रहे हैं। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 10 हजार करोड़ से अधिक के कार्य और 1500 पुरानी योजनाओं के जीर्णोद्धार के लिए 2800 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार तेंदूपत्ता दर 4 हजार से बढ़ाकर 5500 रुपये कर चुकी है और महतारी वंदन योजना से महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |