Since: 23-09-2009
भोपाल, 31 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधी, सिंगरौली और डिंडोरी में पदस्थ बॉन्डेड डॉक्टर्स से संवाद किया और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पदस्थापना सेवा का बड़ा अवसर है। डॉक्टर समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं दें, आशा, एएनएम, सीएचओ और मैदानी अमले से लगातार समन्वय रखें ताकि लोगों का स्वास्थ्य व्यवस्था पर विश्वास बढ़े।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि टीबी मुक्त भारत, सिकल सेल उन्मूलन, एनीमिया मुक्त भारत सहित सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों में नियमित स्क्रीनिंग, जांच और जागरूकता पर जोर दिया जाए। मातृ और शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए हर गर्भवती की शत-प्रतिशत एएनसी जांच सुनिश्चित हो। पीएम सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत हर महीने 9 और 25 तारीख को होने वाली निःशुल्क जांच की जानकारी हर गांव तक पहुंचे। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें समय पर उच्च संस्थान में रेफर किया जाए।
उन्होंने हब एंड स्पोक मॉडल को मजबूत करने और विशेषज्ञ सलाह के लिए ई-संजीवनी और टेलीमेडिसिन का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने को कहा। एनसीडी में ब्लड प्रेशर, शुगर, मुंह और स्तन कैंसर की निःशुल्क जांच और आयुष्मान आरोग्य मंदिर की सेवाओं को सक्रिय करने के निर्देश दिए।
संवाद में सीधी में 16, सिंगरौली में 54 और डिंडोरी में 21 बॉन्डेड डॉक्टर्स की पदस्थापना की जानकारी दी गई। डॉक्टरों ने बताया कि पदस्थापना के बाद ओपीडी बढ़ रही है और ग्रामीणों में उत्साह है।
उप मुख्यमंत्री ने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई, स्टाफ और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करें और डॉक्टरों को सहयोगपूर्ण माहौल दें। उन्होंने कहा कि डॉक्टर का सेवाभाव और मधुर व्यवहार मरीज का आधा दर्द दूर कर देता है, ग्रामीण डॉक्टर को भगवान मानते हैं, इस भरोसे को बनाए रखें।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |