Since: 23-09-2009
भोपाल, 31 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को नई उड़ान देते हुए रीवा से इंदौर के बीच संचालित नियमित विमान सेवा ने आज 300 दिन का सफर पूरा कर लिया है। इन 300 दिनों में लगभग 24,500 यात्रियों ने इस सेवा के माध्यम से सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध हवाई यात्रा का लाभ उठाया है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विंध्य और मालवा के बीच संचालित यह सीधी विमान सेवा दोनों महत्वपूर्ण क्षेत्रों को आपस में जोड़ने में अहम भूमिका निभा रही है। पहले जहां इन दोनों क्षेत्रों के बीच यात्रा में लंबा समय लगता था, वहीं अब हवाई सेवा से दूरी घट गई है और आवागमन बेहद आसान हो गया है।
उन्होंने कहा कि सुदृढ़ हवाई कनेक्टिविटी केवल यात्रियों की सुविधा ही नहीं है, बल्कि यह विंध्य क्षेत्र के समग्र विकास का द्वार भी खोल रही है। इससे विंध्य में पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है, निवेश और उद्योग के लिए अनुकूल माहौल बन रहा है, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में हवाई सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। रीवा एयरपोर्ट का संचालन और रीवा-इंदौर जैसी सेवाएं इसी विजन का परिणाम हैं। यह सेवा क्षेत्रीय विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |