Since: 23-09-2009
भोपाल, 31 अक्टूबर 2026। देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस और देश के लौह पुरुष पूर्व गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, भोपाल में श्रद्धांजलि सभा एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल के संगठक अवनीश भार्गव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल के प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जिला कांग्रेस सेवादल भोपाल शहर एवं ग्रामीण के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी एवं सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके व्यक्तित्व व कृतित्व को याद किया।
इसके बाद आयोजित रक्तदान शिविर में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। शिविर में भोपाल ग्रामीण जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष लोकेश दांगी ने सक्रिय रूप से सहभागिता की, वहीं भूपेंद्र सिंह मीणा ने भी रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया।
इस अवसर पर अवनीश भार्गव ने कहा कि स्व. इंदिरा गांधी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, उनका बलिदान सदैव देशवासियों को देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। वहीं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों को एकीकृत कर अखंड भारत के निर्माण में जो ऐतिहासिक भूमिका निभाई, वह अविस्मरणीय है।
उन्होंने कहा कि इन महान नेताओं को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम उनके बताए आदर्शों, त्याग और सेवा के मार्ग पर चलते हुए समाज और देश की सेवा के लिए निरंतर कार्य करें। रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं है, बल्कि यह किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का मानवीय संकल्प है। कांग्रेस सेवादल सदैव सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को लेकर जनसेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |