Since: 23-09-2009
रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी किए जाने पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
इस किस्त के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 24 लाख 60 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 498 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे अंतरित की गई है, जो कृषि कार्यों के लिए आर्थिक संबल प्रदान करेगी।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए नियमित आर्थिक सहयोग मिल रहा है। डीबीटी के माध्यम से राशि सीधे खातों में पहुंचने से पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने और अन्नदाताओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है।
चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है और यहां लाखों किसान परिवारों के लिए यह सहायता राशि बीज, खाद तथा अन्य कृषि आवश्यकताओं की पूर्ति में उपयोगी साबित होगी। किसान कल्याण ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती और राष्ट्र की समृद्धि का आधार है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |