Since: 23-09-2009
भोपाल, 1 नवंबर। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि भारत की यशस्वी सेना भोपाल की धरती पर अपने अदम्य पराक्रम और शौर्य का प्रदर्शन करेगी। 1 नवंबर स्थापना दिवस से 15 जनवरी सेना दिवस तक देशभक्ति का महापर्व चलेगा। मुख्यमंत्री ने शनिवार को शौर्य स्मारक पर संकल्प वृक्ष पौध-रोपण अभियान में अर्जुन का पौधा लगाकर सेना दिवस 2027 के आयोजनों का शुभारंभ किया। उन्होंने स्मारक स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया और भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सौभाग्य का विषय है कि पहली बार राष्ट्रीय सेना दिवस का आयोजन भोपाल में 15 जनवरी को होगा। राजधानी में आमजन सेना के शौर्य को देखेंगे। रक्षा मंत्रालय और सेना का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि आयोजन को ऐतिहासिक बनाया जाएगा।
शौर्य स्मारक परिसर में सेना दिवस परेड, रण हुंकार, एकीकृत युद्ध प्रदर्शन और सैन्य प्रदर्शनी की रूपरेखा प्रस्तुत करती प्रदर्शनी का अवलोकन भी मुख्यमंत्री ने किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 55 जिलों से मिट्टी का समायोजन विविधता में एकता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सैन्य व्यवस्था में अनेक नवाचार किए हैं, अग्निवीर योजना से युवाओं में राष्ट्र सेवा का संकल्प बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 किसान कल्याण वर्ष है और 2027 युवा वर्ष होगा। युवा वर्ष की शुरुआत सेना के शौर्य प्रदर्शन के साथ होना युवाओं के लिए प्रेरणादायी सौगात होगी। एनसीसी युवाओं को देशभक्ति और अनुशासन के संस्कार दे रही है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |