Since: 23-09-2009
रायपुर / नवा रायपुर, 1 नवंबर 2026।* मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि नवा रायपुर स्थित सत्य साईं संजीवनी अस्पताल मानव सेवा और समर्पण की अद्भुत मिसाल है। मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और इस अस्पताल ने इस भावना को साकार किया है।
मुख्यमंत्री शनिवार को नवा रायपुर स्थित सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में 45 हजार बच्चों की निःशुल्क शल्य चिकित्सा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी कार्यक्रम में जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज भवन और डॉरमेटरी का भूमिपूजन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह केवल चिकित्सा क्षेत्र की उपलब्धि नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना, करुणा और निःस्वार्थ सेवा की अनुपम मिसाल है। इस संस्थान ने हजारों मासूम बच्चों को नया जीवन देकर उनके परिवारों में आशा और खुशियां लौटाई हैं। जब कोई मासूम गंभीर बीमारी से जूझता है तो पूरा परिवार पीड़ा से गुजरता है, ऐसे में निःशुल्क उपचार से स्वस्थ जीवन देना पुण्य का कार्य है।
*जनजातीय युवाओं को मिलेंगे स्वास्थ्य शिक्षा और रोजगार के अवसर*
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों के लिए नर्सिंग कॉलेज की स्थापना अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। इससे जनजातीय अंचलों के युवाओं, विशेषकर बेटियों को स्वास्थ्य शिक्षा में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा से युवा आत्मनिर्भर बनेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं में अपना भविष्य बना सकेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार के साथ प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। यह कॉलेज कुशल मानव संसाधन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर गरीब, वंचित और दूरस्थ अंचलों के परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। सत्य साईं अस्पताल जैसी संस्थाओं की सहभागिता इस संकल्प को मजबूती देती है।
*केंद्रीय मंत्री मांडविया ने की सराहना*
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित थे। केंद्रीय मंत्री मांडविया ने भी अस्पताल के सेवाभावी कार्यों की सराहना करते हुए 45 हजार सर्जरी की उपलब्धि पर टीम को बधाई दी और कहा कि चिकित्सा सेवा केवल उपचार नहीं, समाज में संवेदना और विश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |