Since: 23-09-2009
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर शनिवार को नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के अदम्य शौर्य, साहस और कौशल का साक्षी बना। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नवा रायपुर के सेंध लेक में आयोजित भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम के हवाई प्रदर्शन की फुल ड्रेस रिहर्सल में शामिल हुए।
इस दौरान आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों ने रोमांचकारी करतब दिखाए। आकाशगंगा टीम के जांबाजों ने खुले आसमान से छलांग लगाकर सटीक लैंडिंग की। गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग कर रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन किया।
मुख्य आकर्षण सारंग टीम रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने एक-दूसरे के बेहद करीब से क्रॉसओवर जैसे हैरतअंगेज करतब दिखाए और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कॉकपिट से 'छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया' का उद्घोष गूंजा, जिससे दर्शकों का उत्साह दोगुना हो गया। अंत में 'वंदे मातरम्' की गूंज के साथ तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन प्रस्तुत की गई, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सारंग का अर्थ मोर होता है और जैसे मोर देश की सुंदरता का प्रतीक है, वैसे ही सारंग टीम वायु सेना की गरिमा और अनुशासन का प्रतीक है। यह प्रदर्शन केवल करतब नहीं, बल्कि कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन, आपसी विश्वास और टीम भावना का अनुपम उदाहरण है। हेलीकॉप्टरों की फॉर्मेशन के पीछे विस्तृत योजना और असाधारण समन्वय होता है, जो युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह आयोजन प्रदेश के उत्साह और गौरव को बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि सारंग टीम विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक टीम है, जिसने जर्मनी, ब्रिटेन, रूस, मिस्र सहित कई देशों में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है।
2 नवंबर को सेंध लेक में ही सारंग टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन होगा, जो राज्योत्सव को और अधिक भव्य बनाएगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |