Since: 23-09-2009
बिलासपुर, 2 नवंबर 2026।* उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ किया। प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि सशक्त नारियों और हुनरमंद युवाओं की भागीदारी से ही विकसित छत्तीसगढ़ का सपना पूरा होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार जनकल्याण, अधोसंरचना विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए तेजी से काम कर रही है।
*अटल जी को किया नमन*
डिप्टी CM ने छत्तीसगढ़ निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने लोगों की भावनाओं को समझकर अलग राज्य की सौगात दी। धन-धान्य, वन और खनिज संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ को पहचान दिलाने वाले अटल जी हमेशा लोगों के दिलों में रहेंगे।
*थीम है 'सशक्त नारी, युवा उड़ान'*
साव ने कहा कि इस बार राज्योत्सव की थीम 'सशक्त नारी, युवा उड़ान' सरकार की प्राथमिकता को दिखाती है। महतारी वंदन और बिहान योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। युवाओं के लिए शिक्षा और कौशल विकास के नए संस्थान खोले जा रहे हैं। हर जिले में नालंदा परिसर बनाकर युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल दिया जा रहा है।
*खेल प्रतिभाओं को मिल रहा मंच*
उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। खेल अलंकरण सम्मान फिर से शुरू किया गया है। पहली बार हुई छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में सुदूर गांवों के बच्चों को मौका मिला। मैनपाट की टीम के 11वीं के खिलाड़ी मोहित और बहतराई खेल केंद्र की दो बेटियों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार गौरव बढ़ा रहे हैं।
*नक्सलवाद खत्म, विकास के रास्ते खुले*
डिप्टी CM ने कहा कि सरकार मोदी की गारंटियों को पूरा कर रही है। बिलासपुर में बड़ी संख्या में सड़कों की स्वीकृति मिली है। बेहतर औद्योगिक नीति के कारण देश-दुनिया के निवेशक छत्तीसगढ़ में रुचि दिखा रहे हैं। पहले छत्तीसगढ़ की चर्चा नक्सलवाद से होती थी, अब नक्सलवाद के खिलाफ मिल रही सफलता से विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं।
महापौर पूजा विधानी ने भी संबोधन में कहा कि CM विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने व्यसनमुक्ति और समाजसेवा के लिए स्वाति दीदी को सम्मानित किया, विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समारोह में देर रात तक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं।
कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त सुनील जैन, IG रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |