Since: 23-09-2009
भोपाल, 3 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार निरंतर किसान हितैषी निर्णय लेती रहेगी और युवाओं को खेती से जोड़ने के लिए भारतीय किसान संघ को भी सहयोगी भूमिका निभानी चाहिए।
मंगलवार शाम समत्व भवन, मुख्यमंत्री निवास पर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कई बड़े ऐलान और जानकारियां दीं।
*मुख्यमंत्री की बड़ी बातें -*
*1. युवाओं को खेती से जोड़ेंगे:* कृषि पाठ्यक्रमों और कृषि कार्य के प्रति युवाओं का आकर्षण बढ़े, इसके लिए किसान संघ सहयोग करे। प्रदेश में किसानों को नई तकनीक, उन्नत उपकरण और नए यंत्रों के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
*2. फार्मर आईडी से फायदा:* फार्मर आईडी की व्यवस्था से खाद और यूरिया के स्टॉक की सही जानकारी मिल रही है। मध्यप्रदेश इस व्यवस्था का पूरा लाभ ले रहा है। कम वर्षा वाले जिलों में बोरवेल खनन पर प्रतिबंध की पहल की गई है। सिंचाई सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।
*3. पराली नियंत्रण में MP बनेगा रोल मॉडल:* मुख्यमंत्री ने पराली नियंत्रण के काम में मध्यप्रदेश को देश में रोल मॉडल बनाने के निर्देश दिए। फसलों को पशुओं से बचाने के लिए बोमा कैप्चरिंग पद्धति के प्रयोग सफल रहे हैं।
*4. प्राकृतिक खेती करने वाले पशुपालकों को अनुदान:* जो पशुपालक गौशाला चलाते हुए जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देंगे, उन्हें सरकार अनुदान देगी। गोवंश से प्राकृतिक खेती को काफी मदद मिलती है, इसलिए सहकारी समितियों को गोपालन के लिए आर्थिक सहयोग दिया जाएगा। किसान संघ से सहकारी समितियों के गठन में सहयोग की अपेक्षा की।
*5. मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना से लाभ:* इस योजना से प्रदेश के बड़ी संख्या में किसानों को लाभ मिलेगा। साथ ही गेहूं, चना और बाजरा जैसी फसलों की खरीद और रबी सीजन के लिए पर्याप्त बिजली प्रबंधन की जानकारी भी दी।
*6. कृषि महोत्सव से सशक्त हुआ किसान:* किसान कल्याण वर्ष में बड़े स्तर पर काम हुए हैं। बलराम कृषि महोत्सव से कृषि क्षेत्र को समृद्ध बनाने में मदद मिली है। हाल ही में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और स्कूटी जैसे पुरस्कार दिए गए हैं।
बैठक में कृषि आधारित उद्योग स्थापित करने की पहल को आगे भी जारी रखने की बात कही गई। इस दौरान संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |