Since: 23-09-2009
भोपाल / छिंदवाड़ा, 3 नवंबर 2026।* मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा की धरती जनजातीय भाई-बहनों के परिश्रम और परंपराओं से समृद्ध है और यहां के मेहनती किसानों ने खेती में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। छिंदवाड़ा को प्रदेश की कॉर्न सिटी कहा जाता है और यहां का स्वीट कॉर्न देशभर में मशहूर है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को छिंदवाड़ा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मंत्रालय से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, सांसद विवेक बंटी साहू सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।
*मुख्यमंत्री की 5 बड़ी घोषणाएं छिंदवाड़ा के लिए -*
*1. संतरे को GI टैग, मक्का को राष्ट्रीय बाजार -*
CM ने कहा कि श्रीअन्न और फूलों की खेती में भी छिंदवाड़ा का अलग स्थान है। यहां के संतरे को GI टैग मिलने से बड़ी पहचान मिली है। अब सरकार का लक्ष्य छिंदवाड़ा के मक्का उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधा देना और उनकी उपज के लिए राष्ट्रीय स्तर पर नया मार्केट तैयार करना है। मक्के की गुणवत्ता और स्वाद को देश-दुनिया तक पहुंचाया जाएगा।
*2. भंडारण, प्रोसेसिंग यूनिट और मार्केट लिंकेज की सुविधा -*
किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिले, इसके लिए बेहतर भंडारण, प्रोसेसिंग यूनिट और मार्केट लिंकेज की सुविधा दी जा रही है। किसान अपनी उपज का प्रसंस्करण स्वयं करें, इसके लिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत मदद दी जा रही है। छिंदवाड़ा में अब तक 122 हितग्राही इस योजना से लाभान्वित हुए हैं।
*3. सिंचाई क्षमता 29% से बढ़कर होगी 54% -*
CM ने कहा कि खेती की तरक्की के लिए पानी जरूरी है। छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना इसी दिशा में बड़ा कदम है। इसके पूरा होने पर जिले की सिंचाई क्षमता 29 प्रतिशत से बढ़कर 54 प्रतिशत हो जाएगी।
*4. उद्यानिकी को भी मिलेगा बढ़ावा -*
किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ-साथ उद्यानिकी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने किसानों से फसल विविधीकरण अपनाने, खेती में नवाचार करने और प्रसंस्करण व विपणन के जरिए बड़े बाजार तक पहुंचने का आह्वान किया।
*5. प्रगतिशील किसानों से सीधा संवाद -*
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में वर्चुअली 4 प्रगतिशील किसानों से बात की -
- पूरनलाल इनवाती से प्राकृतिक और समन्वित खेती पर
- प्रवेश रघुवंशी से कृषि यंत्रीकरण से नरवाई प्रबंधन पर
- सुषमा शर्मा से देसी गाय पालन पर
- गुरु प्रसाद पवार से आलू और स्वीट कॉर्न की खेती पर
CM ने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |