Since: 23-09-2009
भोपाल, 3 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पुलिस शराब माफिया के विरुद्ध निडरता के साथ प्रभावी और कठोर कार्रवाई करे। उन्होंने युवा पुलिस अधिकारियों को नसीहत दी कि रील बनाने से अधिक रियल प्रॉब्लम सुलझाने पर ध्यान दें।
मुख्यमंत्री मंगलवार को मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भौंरी में 44वें और 45वें बैच के 48 उप पुलिस अधीक्षकों (DSP) के दीक्षांत परेड समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस बैच में 20 महिला अधिकारी शामिल हैं। समारोह में राष्ट्रीय निशान टोली के आगमन पर पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन बजाई, प्रशिक्षु अधिकारियों को शपथ दिलाई गई और उन्होंने अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ परेड मार्च किया। CM ने परेड की सलामी ली और श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया।
*मुख्यमंत्री के 7 बड़े संदेश -*
*1. गरीबों के लिए देवदूत बनें -*
CM ने कहा कि युवा अधिकारी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें, लेकिन उसका उपयोग आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए करें। गरीबों, महिलाओं और बच्चों की मदद के लिए देवदूत की तरह कार्य करें। ऐसे अधिकारी बनें जिनका सम्मान समाज के हर वर्ग में हो।
*2. शराब माफिया के तंत्र को ध्वस्त करें -*
मुख्यमंत्री ने DGP कैलाश मकवाना को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में शराब माफियाओं के खिलाफ निडर होकर कठोर कार्रवाई करें। अवैध शराब के कारोबार के पूरे तंत्र को ध्वस्त किया जाएगा।
*3. MP पुलिस ने बनाया कीर्तिमान - दस्यु उन्मूलन के बाद नक्सलवाद खत्म -*
CM ने कहा कि MP पुलिस ने उत्कृष्ट प्रतिमान स्थापित किए हैं। चंबल और रीवा अंचल दशकों तक दस्यु समस्या से प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने खत्म किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूरा करते हुए MP पुलिस ने निर्धारित समय-सीमा से पहले नक्सलवाद को समाप्त किया। ऐसा करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बना है।
*4. 2029 तक MP को बनाएंगे नशा मुक्त -*
दस्यु और नक्सलवाद के बाद अब नशे के खिलाफ बड़ी मुहिम शुरू की गई है। प्रदेश को वर्ष 2029 तक नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य है। इस अभियान में सभी पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
*5. पुलिस अकादमी में 12 करोड़ का ऑडिटोरियम बनेगा -*
CM ने भौंरी अकादमी में 12 करोड़ की लागत से ऑडिटोरियम, विद्युत सब स्टेशन और 1 किलोमीटर लंबी एप्रोच रोड बनाने की घोषणा की। बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं दी जाएंगी।
*6. 17,710 भर्ती, 60 से अधिक को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन -*
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 3 वर्षों में पुलिस विभाग में 17,710 पदों पर भर्ती की गई है, कुल 22,500 पदों पर भर्ती का लक्ष्य है। नक्सल विरोधी अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 60 से अधिक पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया गया है।
*7. बलिदानी पुलिसकर्मियों को हमेशा याद रखेगी सरकार -*
CM ने कहा कि राज्य सरकार बलिदानी पुलिसकर्मियों के योगदान और साहस को सदैव याद रखेगी। पुलिसकर्मियों के कल्याण की चिंता करना सरकार का दायित्व है।
*DGP कैलाश मकवाना बोले - जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी ताकत -*
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि पुलिस की सबसे बड़ी शक्ति वर्दी, अधिकार और संसाधन नहीं, बल्कि जनता का विश्वास है जो निष्पक्षता से अर्जित होता है। उन्होंने बताया कि 2014 से DSP स्तर का प्रशिक्षण भौंरी में हो रहा है। इस बार 48 अधिकारियों में 22 इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से हैं और पहली बार रेडियो संवर्ग के DSPs को भी प्रशिक्षित किया गया है जो साइबर अपराधों से लड़ने में मदद करेंगे।
DGP ने कहा कि साइबर अपराध और नशा नई चुनौती हैं। इससे निपटने के लिए सेफ क्लिक अभियान, साइबर थाने, हेल्प डेस्क, फॉरेंसिक लैब और 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान चलाया गया है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |