Since: 23-09-2009
नई दिल्ली/भोपाल, 11 नवंबर 2026। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्यप्रदेश ने इतिहास रच दिया है। देश के किसी भी अन्य राज्य की तुलना में मध्यप्रदेश के *सर्वाधिक 9 शहरों* को राष्ट्रीय सम्मान मिला है। कुल 57 राष्ट्रीय पुरस्कारों में से 9 पुरस्कार प्रदेश की झोली में आए हैं।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने बुधनी, देपालपुर, देवास, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सागर और उज्जैन को सम्मानित किया।
*किस शहर को कौन सा सम्मान -*
- *इंदौर* - स्वच्छ शहर जोड़ी-मेंटर
- *देपालपुर* - स्वच्छ शहर जोड़ी-मेंटी
- *जबलपुर* - 10 लाख से अधिक जनसंख्या वर्ग में स्वच्छ शहर, रैंक-2
- *उज्जैन* - 3 लाख से 10 लाख जनसंख्या वर्ग में स्वच्छ शहर, रैंक-1
- *देवास* - 50 हजार से 3 लाख जनसंख्या वर्ग में स्वच्छ शहर, रैंक-1
- *सागर* - इसी वर्ग में स्वच्छ शहर, रैंक-3
- *बुधनी* - 20 हजार से कम जनसंख्या वर्ग में स्वच्छ शहर, रैंक-3
- *रीवा* - स्वच्छ रिवर फ्रंट शहर, रैंक-1
- *ग्वालियर* - स्वच्छ सिटी अवार्ड
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अभिनंदन समारोह में कहा कि यह सम्मान प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सफाई मित्रों और नागरिकों के सामूहिक परिश्रम का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2014 को स्वच्छ भारत मिशन प्रारंभ कर देश में स्वच्छता की नई चेतना जागृत की। पिछले 12 वर्षों में लोगों के व्यवहार और सोच में सकारात्मक बदलाव आया है। मध्यप्रदेश आज स्वच्छता के क्षेत्र में देश के लिए उदाहरण बन चुका है।
*इंदौर बना मॉडल -*
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर ने दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति, प्रशासनिक प्रतिबद्धता और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से देश के सामने स्वच्छता का अनुकरणीय मॉडल प्रस्तुत किया है। सफाई मित्र सर्दी, गर्मी, बरसात में निरंतर सेवा देकर इस अभियान की मजबूत आधारशिला हैं।
*सिंहस्थ-2028 को लेकर बड़ा प्लान -*
सीएम ने कहा कि स्वच्छ शहर ही निवेश, पर्यटन, उद्योग और रोजगार के केंद्र बनते हैं। सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत उज्जैन सहित प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक शौचालय, यातायात और पर्यावरण संरक्षण की व्यवस्थाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने नगरीय निकायों में जीपीएस आधारित कचरा संग्रहण, आधुनिक कचरा प्रसंस्करण केंद्र, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, कम्पोस्ट निर्माण, वेस्ट टू एनर्जी और डिजिटल मॉनिटरिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, राज्य मंत्री तोखन साहू उपस्थित रहे। राज्य सरकार की ओर से नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी और आयुक्त नगरीय कल्याण संकेत भोंडवे ने पुरस्कार ग्रहण किए।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |