Since: 23-09-2009
भोपाल, 12 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 13 नवंबर को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में विशाल पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेले का शुभारंभ करेंगे। किसान कल्याण वर्ष में आयोजित होने जा रहे इस सम्मेलन में कृषि, पशुपालन एवं अन्य विभागीय योजनाओं के तहत विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए जाएंगे। यह आयोजन किसानों और पशुपालकों को शासन की योजनाओं से सीधे जोड़ने तथा उन्नत खेती-किसानी और पशुपालन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
सम्मेलन में उत्कृष्ट पशुपालन एवं उन्नत खेती-किसानी पर केंद्रित विशेष प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसमें उन्नत नस्ल के पशुओं के प्रदर्शन के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, आधुनिक तकनीकों और पशुपालकों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से पशुपालकों को नवीन तकनीकों, बेहतर पशु प्रबंधन, संतुलित पशु आहार और आय संवर्धन के अवसरों से परिचित होने का अवसर मिलेगा। इससे पशुपालक उन्नत पशुपालन को अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकेंगे।
कार्यक्रम में भारतीय ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी। कन्हैया लोकगीतों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ एवं घुड़दौड़ का आयोजन किया जाएगा, जिससे आयोजन में लोक संस्कृति का रंग भी घुलेगा। सम्मेलन का उद्देश्य पशुपालकों और किसानों को शासन की योजनाओं से जोड़ना, उन्नत पशुपालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कृषि एवं पशुधन आधारित आजीविका के नए अवसरों को प्रोत्साहित करना है। किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित यह महासंगम खेती-किसानी और पशुपालन के समन्वय से आत्मनिर्भर एवं समृद्ध ग्रामीण मध्यप्रदेश के निर्माण का संदेश देगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |