Since: 23-09-2009
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मध्यप्रदेश के सभी क्षेत्रों में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की घोषणा के अनुरूप सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग ने 18 जिलों में 21 नए औद्योगिक क्षेत्र अधिसूचित करने की सूचना जारी कर दी है। भोपाल जिले में आरा मशीन क्लस्टर के लिए रातीबड़ के अलावा आगरिया छापर में औद्योगिक क्षेत्र अधिसूचित किए गए हैं।
एमएसएमई मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने बताया कि मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी औद्योगिक एवं निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य शासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रदेश के 18 जिलों भोपाल, पन्ना, सीहोर, देवास, बुरहानपुर, सीधी, धार, रायसेन, शिवपुरी, खरगोन, निवाड़ी, नीमच, कटनी, जबलपुर, बड़वानी, मंदसौर, छतरपुर एवं बैतूल में कुल 412 हेक्टेयर भूमि पर 21 नवीन औद्योगिक क्षेत्रों को अधिसूचित किया गया है।
काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने तथा उद्यमियों को उद्योग स्थापना के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री द्वारा उद्योग एवं निवेश को बढ़ावा देने तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
मध्यप्रदेश एमएसएमई को औद्योगिक भूमि तथा भवन आवंटन एवं प्रबंधन नियम 2025 के प्रावधानों के अनुसार अधिसूचित किए गए औद्योगिक क्षेत्रों में भोपाल में रातीबड़ (आरा मशीन क्लस्टर) और आगरिया छापर, पन्ना में बड़ा गांव, सीहोर में इच्छावर, देवास में कालूखेड़ी, बुरहानपुर में सातापयरी, सीधी में बाड़ीटोला, धार में रायण और सरदारपुर, रायसेन में समनापुर जागीर, शिवपुरी में बदरवास, खरगोन में डाबरिया, निवाड़ी में निवाड़ी भाटा, नीमच में सगराना, कटनी में टिकरिया, जबलपुर में मोहिनिया, बड़वानी में घटवा, मंदसौर में पानपुर, छतरपुर में धामची, निवाड़ी में बड़ेडी जंगल और बैतूल में उड़दन गुड क्लस्टर शामिल हैं।
इन 21 नवीन औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से प्रदेश के विभिन्न अंचलों में उद्यमियों को औद्योगिक इकाइयों की स्थापना एवं विस्तार के लिए विकसित भूमि उपलब्ध हो सकेगी। इससे स्थानीय संसाधनों एवं उद्यमशीलता को प्रोत्साहन मिलेगा तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |