Since: 23-09-2009
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने शनिवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ में पंद्रह साल तक भाजपा ने अपराधी राज चलाया। भ्रष्ट कमीशन मंडली ने तरह तरह के अपराधी गिरोहों की गाजरघास पैदा कर दी थी। जिसे भाजपा सरकार के साथ ही उखाड़ कर फेंका जा चुका है। तब छत्तीसगढ़ में अपराधी पकड़े नहीं जाते थे। अब छत्तीसगढ़ में किसी भी तरह के अपराधी बच नहीं सकते। कांग्रेस सरकार में कर्मठ पुलिस किसी भी अपराध के मामले में आरोपित की जल्द से जल्द पतासाजी करके उसे कानून की गिरफ्त में लाती है। छत्तीसगढ़ में कानून का राज है। भाजपा अपना जंगल राज याद कर रही है और बेबुनियादआरोप कांग्रेस पर लगाने की धूर्तता दिखाती है।
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के राज में झलियामारी जैसे कांड होते थे तब इनके पूज्य सरसंघचालक मोहन भागवत कहा करते थे कि इंडिया में दुष्कर्म होते हैं, भारत में नहीं। तब वह यह नहीं बताते थे कि छत्तीसगढ़ का झलियामारी भारत है कि नहीं। भाजपा के राज में छत्तीसगढ़ की हजारों बेटियां लापता हो गईं तब क्या रमन सिंह सहित सभी भाजपा नेता गांधारी बने थे या धृतराष्ट्र? उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी दुर्दशा की चिंता करे। छत्तीसगढ़ की चिंता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अच्छी तरह कर रहे हैं। हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति के अनुरूप नवा छत्तीसगढ़ गढ़ दिया है। छत्तीसगढ़ की जनता के हर वर्ग में खुशहाली आई है तो भाजपा के होश उड़ गए हैं और बदहवास भाजपा नेता आधारहीन तथा घटिया बयानबाजी कर रहे हैं।
MadhyaBharat
All Rights Reserved ©2022 MadhyaBharat News.
Created By:
![]() |