Since: 23-09-2009

  Latest News :
सुप्रीम कोर्ट का UPI पर रोक लगाने से इंकार.   नागालैंड में जहरीली शराब से 19 की मौत, तस्कर गिरफ्तार.   बिना बायोमेट्रिक नहीं मिलेगी गैस की सब्सिडी, बंद हो सकती है सब्सिडी.   विपक्ष का ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए प्रस्ताव लाने का करेगा तीसरा प्रयास.   बिरसिंहपुर सोलर-बैटरी स्टोरेज परियोजना पर निवेशक संवाद.   वेयरहाउस से सब्सिडी जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने वाले तीन अधिकारी सस्पेंड.   भोपाल में कांग्रेस ने किया निर्वाचन आयोग का घेराव, पुलिस ने वाटर कैनन चलाया.   महाकौशल क्षेत्र के उद्योग, व्यापार को देंगे बढ़ावा: मुख्यमंत्री डॉ. यादव.   बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअली शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव.   यूनेस्को की टेंटेटिव सूची में शामिल हुए चार और नए ऐतिहासिक स्थल.   इलाज, दवाओं की उपलब्धता और स्वच्छता में न हो लापरवाही - उप मुख्यमंत्री शुक्ल.   नवीन आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन 3 अक्टूबर होगा.   मुख्यमंत्री ने सुकमा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, पीड़ित परिवारों का जाना हाल.   एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता टीम की संजू देवी को मिलेंगे 51 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि.   PWD ने सड़क एवं सेतु निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश.   नारायणपुर में माड़ीन नदी के बीच पेड़ पर फंसे ग्रामीण का सफल रेस्क्यू.   आंगन मिलन सेवा से उत्सव स्थल बने आंगनबाड़ी केंद्र में पहले दिन 97 हजार से अधिक लोग हुए शामिल.   आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान.  
बिजली कटौती के मुद्दे पर भाजपा विधायक ने अपनी ही सरकार को घेरा
bhopal, BJP MLA ,power cuts
भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के छठवें दिन मंगलवार को प्रदेश में बिजली कटौती के मुद्दे को लेकर भाजपा विधायक ने अपनी ही सरकार को घेरा। भिंड से विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि बिजली अधिकारी प्रदीप जैन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। मैं इसके सबूत कई बार मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री को दे चुका हूं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने अधिकारी को सस्पेंड करने की मांग उठाई। वहीं, विपक्ष ने भी इस मुद्दे पर कार्रवाई की मांग की। इस पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि मामले की वरिष्ठ अधिकारियों से जांच कराएंगे।


विधानसभा में मंगलवार को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विधायक कुशवाहा ने भिंड में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक प्रदीप जैन की लापरवाही से कटौती पर ध्यान आकर्षित किया। इस पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि पर्याप्त बिजली दी जा रही है। इसके बाद विधायक कुशवाहा ने कहा कि मंत्री भ्रष्ट अधिकारी को बचा रहे हैं। ऐसे अधिकारियों को सस्पेंड कर जांच कराई जानी चाहिए। इस पर मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि विधायक ने जो सुझाव दिए हैं, उसके आधार पर जांच करेंगे। संबंधित अधिकारी को 31 मार्च के बाद हटा देंगे और वरिष्ठ अधिकारियों से जांच कराएंगे।


वहीं, विधायक तेज बहादुर सिंह चौहान ने कहा कि बिजली विभाग के अफसर हमेशा गांवों में ब्लैकआउट की स्थिति रखते हैं। सवाल पूछने पर गलत जानकारी देते हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी कहा कि सत्ता पक्ष का विधायक आवाज उठा रहा है, इसलिए इस मामले में कार्रवाई होनी चाहिए। विपक्ष की बात तो सरकार सुनती नहीं है। इस पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि विधायक की भावनाओं के आधार पर कार्रवाई होगी, किसी भी हालत में अधिकारी बख्शा नहीं जाएगा।


लघु वनोपज संघ और नलकूप खनन में अनियमितता के आरोप
इससे पहले प्रश्नकाल के दौरान विधायक अनुभा मुंजारे ने लघु वनोपज संघ, उत्तर बालाघाट में सप्लाई और नलकूप खनन टेंडर के मामले में सरकार से जानकारी मांगी। उन्होंने पूछा कि इस मामले में जो काम कराए गए हैं, वे किन अधिकारियों की मौजूदगी में हुए हैं? विधायक ने इस मामले में अनियमितता का आरोप लगाया। इसके जवाब में मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि वित्तीय अनियमितता की जांच की जा रही है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी अभिनव पल्लव के खिलाफ पूरी सख्ती से जांच की जाएगी।


वन विभाग ने 37 में से 10 काम किए, इनमें भी गुणवत्ता नहीं
प्रश्नकाल के दौरान विधायक उमा देवी खटीक ने कहा कि वन विभाग द्वारा सागोनी, हटा और दमोह में 37 काम कराए जाने थे, जिनमें से 10 ही हो पाए हैं। इसमें भी गुणवत्ता का पालन नहीं किया गया है। वे चाहती हैं कि उनकी मौजूदगी में अब तक हुए कामों का परीक्षण कराया जाए। इसके जवाब में वन राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने बताया कि कुछ काम बजट नहीं मिल पाने के कारण अपूर्ण हैं। इन्हें जल्दी पूरा कराया जाएगा। विधायक उमा खटीक ने कहा कि वन्यजीवों के लिए जल की व्यवस्था की जानी चाहिए। इस पर मंत्री अहिरवार ने कहा कि विधायक से बात कर लेंगे और जहां जरूरत होगी, वहां सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
MadhyaBharat 18 March 2025

Comments

Be First To Comment....
Video

Page Views

  • Last day : 8641
  • Last 7 days : 45219
  • Last 30 days : 64212


x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.