Since: 23-09-2009
मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले के माखननगर (बाबई) और सोहागपुर क्षेत्र के कुल 65 गांवों को अब 75 साल के लंबे इंतजार के बाद सिंचाई का पानी मिलने जा रहा है। राज्य सरकार ने इन गांवों तक तवा डैम से पानी पहुंचाने के लिए दो लिफ्ट इरीगेशन परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिन पर करीब 215 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इन परियोजनाओं के जरिए लगभग 10,200 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे हजारों किसानों को सीधा लाभ होगा।
ये दोनों परियोजनाएं किसी नई नदी पर नहीं, बल्कि तवा बांध की दायीं तट नहर से पानी लिफ्ट कर संचालित की जाएंगी। पहली परियोजना में बागरा शाखा से पानी लेकर माखननगर और सोहागपुर के 33 गांवों में 4,200 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचित किया जाएगा, जिस पर 86.76 करोड़ रुपए खर्च होंगे। वहीं दूसरी परियोजना पिपरिया शाखा से पानी लेकर सोहागपुर तहसील के 30 गांवों के 6,000 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा देगी, जिसकी लागत 128.71 करोड़ रुपए तय की गई है।
सिंचाई परियोजनाओं की मंजूरी से खुश किसान और जनप्रतिनिधि मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत किया। सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश में सिंचाई का रकबा 100 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाना है और सूखे क्षेत्रों तक हर हाल में पानी पहुंचाया जाएगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सिंचाई, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार और क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई अहम फैसलों पर भी मुहर लगाई गई।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |