Since: 23-09-2009
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले को पर्यटन विकास की बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत मयाली–बगीचा विकास परियोजना का मयाली नेचर कैंप में भूमिपूजन किया। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना में मयाली, विश्व प्रसिद्ध मधेश्वर पर्वत और बगीचा स्थित कैलाश गुफा क्षेत्र में आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसे जशपुर के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे जिला पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मयाली की पहचान सदियों से मधेश्वर महादेव से जुड़ी रही है, जिसे विश्व का सबसे बड़ा प्राकृतिक शिवलिंग माना जाता है। इस परियोजना के जरिए धार्मिक, प्राकृतिक और जनजातीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मयाली डेम के पास पर्यटक रिसोर्ट और स्किल डेवलपमेंट सेंटर का निर्माण किया जाएगा। साथ ही होम-स्टे नीति के जरिए स्थानीय ग्रामीणों को सीधे पर्यटन से जोड़कर उनकी आय बढ़ाई जाएगी और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
परियोजना के तहत मयाली को एक समग्र इको-टूरिज्म और एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पर्यटक कॉटेज, कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रवेश द्वार, पाथवे, लैंडस्केपिंग और आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी। शिव मंदिर और कैलाश गुफा क्षेत्र में भी आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे पर्यटकों को सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव मिल सके। परियोजना के पूरा होने से पर्यटन गतिविधियों में तेजी आएगी और जशपुर की प्राकृतिक व सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |