Since: 23-09-2009
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नर्मदापुरम रोड पर शहर का 11वां रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) बनने जा रहा है। यह ब्रिज बावड़िया कलां चौराहे से लेकर आशिमा मॉल तक जाएगा और इसकी लंबाई 1210 मीटर होगी। निर्माण ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन) मॉडल पर होगा और इसकी लागत करीब 49 करोड़ रुपये आंकी गई है। ब्रिज बनने के बाद कोलार, बावड़िया कलां, सलैया, गुलमोहर और त्रिलंगा जैसे इलाकों की दूरी कटारा हिल्स, बागसेवनिया और मिसरोद से तीन से चार किलोमीटर तक कम हो जाएगी।
इस आरओबी के लिए पीडब्ल्यूडी ने 50 करोड़ रुपये में डिजाइन, निर्माण और अगले दस साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मार्च 2026 में नींव डालने के बाद यह ब्रिज अगले 24 महीनों में तैयार हो जाएगा, यानी 2028 की पहली तिमाही तक कोलार और बावड़िया कलां से सीधे विद्यानगर फेस-2 आइएसबीटी तक पहुंचने का रास्ता खुल जाएगा।
हालांकि, ब्रिज आशिमा मॉल के सामने नहीं जाएगा। यह नर्मदापुरम सिक्सलेन बीआरटी रोड पर विद्यानगर आइएसबीटी पर उतर जाएगा, जिससे मॉल के सामने चौराहा बनेगा और वहां सिग्नल सिस्टम व ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहेगी। ईपीसी मॉडल के तहत पूरा प्रोजेक्ट एक ही एजेंसी के जिम्मे होगा, जिससे डिजाइन और निर्माण में विवाद नहीं आएंगे और गुणवत्ता बेहतर रहेगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |