Since: 23-09-2009
मध्यप्रदेश में बड़ी संख्या में महिलाओं और लड़कियों के लापता होने के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहन-बेटियों के लगातार लापता होने की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और राज्य सरकार को उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए जाने चाहिए।
कांग्रेस विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया के सवाल पर सरकार द्वारा विधानसभा में दिए गए जवाब का हवाला देते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि वर्ष 2020 से 28 जनवरी 2026 तक प्रदेश में 2,06,507 महिलाएं और 63,793 लड़कियां लापता हुई हैं। इनमें से 47,984 महिलाओं और 2,186 लड़कियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। उन्होंने इन आंकड़ों को भयावह बताते हुए प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।
जीतू पटवारी ने पत्र में इसे राज्य सरकार की विफलता करार देते हुए मानव तस्करी के संगठित नेटवर्क सक्रिय होने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि लगभग 22 वर्षों से प्रदेश में भाजपा की सरकार है, लेकिन महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। कांग्रेस ने केंद्र से इन आधिकारिक आंकड़ों पर संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |