Since: 23-09-2009
मध्य प्रदेश में नागदा शहर को ‘छोटा सा पानी संकटग्रस्त गांव’ बताने के कथित बयान को लेकर अभिनेता अमिताभ बच्चन और सोनी नेटवर्क के सीईओ गौरव बैनर्जी के खिलाफ कानूनी मामला दर्ज किया गया है। यह प्रकरण 18 फरवरी को अभिभाषक लक्ष्मण सुंदरा द्वारा दायर किया गया था। न्यायालय ने इस याचिका को स्वीकार करते हुए संबंधित थाने से जांच प्रतिवेदन तलब किया है और अगली सुनवाई 9 अप्रैल को तय की है।
याचिकाकर्ताओं का दावा है कि 23 दिसंबर को प्रसारित कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के शो में अमिताभ बच्चन द्वारा नागदा को छोटा गांव बताया गया, जबकि वास्तविकता इससे अलग है। नागदा मालवा का प्रमुख रेलवे जंक्शन है, जिसकी आबादी डेढ़ लाख से अधिक है और यह औद्योगिक नगर के रूप में विकसित है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी तीन बार नागदा को जिला बनाने की घोषणा कर चुके हैं।
नगर का ऐतिहासिक और भौगोलिक महत्व भी उल्लेखनीय है। पुराणों में इसका जिक्र है और इसे महाभारतकालीन नगरी माना जाता है। शहर के समीप चंबल नदी बहती है, जिससे वर्षभर पानी उपलब्ध रहता है और औद्योगिक गतिविधियों का संचालन होता है। याचिकाकर्ता का दावा है कि शो के प्रसारण के बाद नागदा की राष्ट्रीय छवि प्रभावित हुई है। न्यायालय ने मामले में संज्ञान लेते हुए जांच प्रतिवेदन तलब किया है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |