छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, तापमान 4 डिग्री तक बढ़ने के आसार
प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे गर्मी की ओर बढ़ रहा है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश के आसार नहीं हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिम राजस्थान के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है, जिसकी द्रोणिका पश्चिम मध्य प्रदेश से विदर्भ तक फैली हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।
हालांकि 1 मार्च को मौसम शुष्क ही रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन राजधानी रायपुर में आकाश मुख्यतः साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।