Since: 23-09-2009
स्वच्छता रैंकिंग को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने शहर की गंदी बेकलेन की सफाई और सौंदर्यीकरण का अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को मेयर पुष्यमित्र भार्गव धनवंतरी नगर पहुंचे, जहां पहले कचरे से भरी रहने वाली बेकलेन की सफाई कर दीवारों पर रंग-रोगन किया गया और पौधों से उसे सजाया गया। सफाई के बाद यह स्थान इतना सुंदर बन गया कि मेयर ने यहां रहवासियों के साथ योग किया और बच्चों के साथ क्रिकेट भी खेला।
मेयर ने कहा कि जिस बेकलेन में पहले गंदगी और कचरे को लेकर शिकायतें आती थीं, अब वहीं योग और सामाजिक गतिविधियां हो रही हैं। यह इंदौर के जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है। उन्होंने बताया कि शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम लगातार नए प्रयोग कर रहा है और हर साल करीब 50 नई बेकलेन का सौंदर्यीकरण किया जाता है।
नगर निगम के अनुसार शहर के विभिन्न इलाकों में अब तक 20 से अधिक बेकलेन को साफ और सुंदर बनाया जा चुका है। शनिवार को इन स्थानों पर योग, क्रिकेट, वॉल पेंटिंग और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया तथा लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। आने वाले समय में शहर की 50 से अधिक बेकलेन को और विकसित कर उन्हें सामुदायिक गतिविधियों के लिए उपयोगी बनाया जाएगा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |