Since: 23-09-2009
महिला दिवस 2026 के अवसर पर शहर के अभ्यास मंडल ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। उन्हें इस मौके पर नारी शक्ति अवार्ड 2026 से नवाजा गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पोस्ट मास्टर जनरल प्रीति अग्रवाल ने कहा कि महिलाएं सृजनकर्ता हैं और कभी कमजोर नहीं हो सकतीं। उन्होंने महिलाओं को स्वयं पर विश्वास रखने और सामाजिक चुनौतियों से लड़ने की प्रेरणा दी।
प्रीति अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं की सफलता में पुरुषों का सहयोग भी जरूरी है। बेटी के लिए पिता, पत्नी के लिए पति और बहन के लिए भाई का सहयोग होने पर महिला हर मुकाम हासिल कर सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं केवल प्रशासन नहीं, बल्कि समाज का निर्माण करती हैं और उन्हें केवल रील या बाहरी दुनिया तक सीमित नहीं रहकर समाज के सकारात्मक निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. अनामिका जैन, माधुरी मोयदे, प्रियंका पांडे, कल्पना रमन और सुश्री फाएजा अली को अवार्ड से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि महिला होना सौभाग्य और शक्ति है, किसी भी प्रकार की कमजोरी नहीं। यदि नारी स्वयं पर विश्वास रखे तो समाज के हर क्षेत्र में अपनी क्षमता दिखा सकती है और हर चुनौती पार कर सकती है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ग्रीष्मा त्रिवेदी ने किया, जबकि मनीषा गौर ने आभार माना।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |