Since: 23-09-2009
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड में देश में चल रहे जनगणना अभियान को लेकर अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना प्रक्रिया है और हर नागरिक को इसके बारे में जागरूक होना चाहिए। पीएम के मुताबिक, अब तक करीब 1 करोड़ 20 लाख घरों की लिस्टिंग का काम पूरा हो चुका है। इस बार प्रक्रिया को पहले से ज्यादा आसान बनाया गया है, जिसमें लोग स्वयं भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं और एक विशेष आईडी के जरिए सत्यापन कर सकते हैं।
कार्यक्रम में पीएम ने आने वाली बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान गौतम बुद्ध के संदेशों की प्रासंगिकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शांति और आत्मविजय का संदेश आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने कच्छ के रण में आने वाले फ्लेमिंगो पक्षियों का जिक्र करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण का सुंदर प्रतीक बताया, जहां हर साल यह क्षेत्र ‘फ्लेमिंगो सिटी’ के रूप में जीवंत हो उठता है।
पीएम मोदी ने देश में तेजी से बढ़ रही पवन ऊर्जा क्षमता का भी उल्लेख किया और बताया कि भारत 56 गीगावॉट से अधिक विंड एनर्जी क्षमता हासिल कर चुका है। गुजरात, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और राजस्थान जैसे राज्य इस क्षेत्र में आगे हैं, जिससे रोजगार और नए अवसर पैदा हो रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने बांस से जुड़े कानून में बदलाव के बाद नॉर्थईस्ट में बढ़ते बंबू सेक्टर की भी सराहना की, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |