Since: 23-09-2009
नौतपा की शुरुआत 25 मई से होने जा रही है, लेकिन उससे पहले ही मध्य प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में आ गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 42 जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि ग्वालियर समेत 21 जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
शुक्रवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। छतरपुर जिले का नौगांव सबसे गर्म रहा, जहां पारा 46.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं खजुराहो में तापमान 46.4 डिग्री रहा। टीकमगढ़ और सतना में 44.5 डिग्री, दतिया में 44.4 डिग्री तथा नरसिंहपुर और दमोह में 44.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के बड़े शहरों में जबलपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में 43.7 डिग्री, भोपाल में 42.2 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.4 डिग्री तापमान रहा। तेज गर्मी और लू के चलते लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |