Since: 23-09-2009
राजधानी Bhopal के लालघाटी इलाके में स्थित एलर कॉम्प्लेक्स में रविवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। तीन मंजिला इस इमारत में छह रेस्टोरेंट संचालित होते हैं। सुबह पड़ोसी बिल्डिंग के गार्ड ने खिड़की से धुआं उठता देखा। शुरुआत में उसे सामान्य किचन का धुआं लगा, लेकिन कुछ ही देर में लपटें दिखाई देने लगीं, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
आग दूसरी मंजिल पर स्थित भोज इन रेस्टोरेंट के किचन में लगी और धीरे-धीरे पूरी मंजिल में फैल गई। सूचना मिलते ही शहर के विभिन्न फायर स्टेशनों से आठ दमकल वाहन और तीन वाटर टैंकर मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों को अंदर पहुंचने के लिए दीवार तोड़नी पड़ी। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय रेस्टोरेंट बंद था और कोई जनहानि नहीं हुई।
आग के दौरान सबसे बड़ा खतरा किचन में रखे चार कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों से था। दमकलकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा विस्फोट टल गया। फायर अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |