हवाई ईंधन हुआ सस्ता, सरकार ने ATF के दाम ₹5 प्रति लीटर घटाए; घरेलू एयरलाइंस को बड़ी राहत
केंद्र सरकार ने घरेलू एयरलाइंस को राहत देते हुए एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमत में करीब ₹5 प्रति लीटर की कटौती कर दी है। नई दर लागू होने के बाद ATF की कीमत लगभग ₹110 प्रति लीटर हो गई है। सरकार ने साथ ही पेट्रोल, डीजल और ATF के निर्यात शुल्क में भी संशोधन किया है, जबकि घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे आम उपभोक्ताओं के लिए ईंधन की कीमतों पर फिलहाल कोई सीधा असर नहीं पड़ेगा।
वित्त मंत्रालय के अनुसार पेट्रोलियम उत्पादों पर निर्यात शुल्क की समीक्षा हर 15 दिन में की जाती है, ताकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के अनुरूप नीति तय की जा सके। नई व्यवस्था के तहत पेट्रोल पर ₹4, डीजल पर ₹8.50 और ATF पर ₹7.50 प्रति लीटर का निर्यात शुल्क लागू रहेगा। वहीं नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और श्रीलंका के साथ अब मॉरीशस और मालदीव को भी निर्यात शुल्क में छूट देने वाले देशों की सूची में शामिल किया गया है।
इधर, एयरलाइन कंपनी IndiGo ने अपने इकोनॉमी क्लास यात्रियों के लिए नया IndiGo Lite किराया विकल्प लॉन्च करने की घोषणा की है। यह सुविधा केवल केबिन बैगेज के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए होगी और इसकी बुकिंग 1 जुलाई 2026 से कंपनी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और कॉन्टैक्ट सेंटर के माध्यम से शुरू होगी। यह नया किराया विकल्प 15 जुलाई 2026 से सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नॉन-स्टॉप उड़ानों पर लागू होगा।