Since: 23-09-2009
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्य और पूर्व विधायक प्रवीण पाठक ने नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में मध्य प्रदेश की पहचान विकास के बजाय भ्रष्टाचार से जुड़ गई है। पाठक ने दावा किया कि व्यापमं घोटाले ने प्रदेश की एक पूरी पीढ़ी का भविष्य प्रभावित किया और परीक्षा घोटालों तथा पेपर लीक जैसी समस्याएं अब राष्ट्रीय स्तर तक फैल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश केवल आरएसएस की नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार की भी "कार्यशाला" बन गया है।
प्रवीण पाठक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जमीन खरीद से जुड़े आरोपों पर सार्वजनिक जवाब देने की मांग की। उनका कहना था कि इन आरोपों के सामने आने के कई दिन बाद भी मुख्यमंत्री और भाजपा नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। उन्होंने अयोध्या में मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले का भी उल्लेख करते हुए भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि जो लोग रामराज्य की बात करते हैं, उन्हें इस मामले में भी जवाब देना चाहिए। कांग्रेस ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच और सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।
कांग्रेस ने घोषणा की है कि इन मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा। पार्टी के अनुसार, विभिन्न संभागों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी, भ्रष्टाचार से जुड़े दस्तावेज जुटाने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा और 15 जुलाई को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। साथ ही 20 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में भी इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही गई है। कांग्रेस ने सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त या वर्तमान न्यायाधीश की अध्यक्षता में स्वतंत्र जांच की भी मांग की है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |