रायपुर में अवैध कब्जों पर निगम की कार्रवाई, पंडरी और बोरियाखुर्द में चला बुलडोजर
रायपुर नगर निगम ने जलभराव और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान तेज करते हुए पंडरी और बोरियाखुर्द में बड़ी कार्रवाई की। जोन-2 की टीम ने होटल पुनीत समेत आसपास की दुकानों के सामने नाले पर बने छह से अधिक अवैध पाटों को जेसीबी से हटाया। निगम के अनुसार, इन अतिक्रमणों के कारण नाले की सफाई और जल निकासी प्रभावित हो रही थी, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ रही थी। कार्रवाई के बाद नाले की सफाई का काम भी शुरू कर दिया गया।
वहीं, जोन-10 की टीम ने बोरियाखुर्द नहर रोड पर करीब पांच एकड़ निजी भूमि पर दोबारा शुरू की गई अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की। निगम ने जेसीबी से अवैध मुरम सड़क काट दी, प्लाटिंग स्थल तक पहुंचने का रास्ता बंद किया और बनाई गई अवैध नींव को ध्वस्त कर दिया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध अतिक्रमण और प्लाटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।