भारत-UK फ्री ट्रेड एग्रीमेंट लागू, कई विदेशी सामान होंगे सस्ते
भारत और यूनाइटेड किंगडम (UK) के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) आज से लागू हो गया है। इसके तहत भारत में UK की व्हिस्की, कारें, ब्यूटी प्रोडक्ट्स, कपड़े और फुटवियर सस्ते मिलेंगे। वहीं, भारत के 99% उत्पाद अब UK में बिना किसी आयात शुल्क (जीरो टैरिफ) के निर्यात किए जा सकेंगे, जबकि UK के अधिकांश सामान भारत में औसतन 3% टैरिफ पर आयात होंगे। सरकार का अनुमान है कि इस समझौते से 2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़कर 120 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है।
करीब तीन साल तक चली 14 दौर की बातचीत के बाद 24 जुलाई 2025 को इस समझौते पर भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और ब्रिटेन के व्यापार मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए थे। समझौते के लागू होने से पहले भारत में ब्रिटेन की हाई कमिश्नर लिंडी कैमरन ने इसे दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं के लिए नए विकास युग की शुरुआत बताते हुए ऐतिहासिक कदम कहा।