दतिया उपचुनाव में बीजेपी का माइक्रो मैनेजमेंट, हर शक्ति केंद्र पर दो-दो दिग्गज तैनात
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने बूथ स्तर तक मजबूत रणनीति तैयार की है। पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों और संगठन के अनुभवी पदाधिकारियों को शक्ति केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रत्येक शक्ति केंद्र के लिए एक प्रभारी और एक संगठक नियुक्त किया गया है, जिनके जिम्मे चार से छह बूथों का संचालन, कार्यकर्ता समन्वय और मतदाता संपर्क अभियान रहेगा।
जिला भाजपा द्वारा जारी सूची के अनुसार दतिया नगर, दतिया ग्रामीण, बड़ौनी, भांडेर, इंदरगढ़, सेंवढ़ा और उदगुवां मंडल के शक्ति केंद्रों पर वरिष्ठ नेताओं की तैनाती की गई है। पार्टी का लक्ष्य बूथ प्रबंधन को मजबूत करना और मतदान तक संगठन को सक्रिय बनाए रखना है। इसी रणनीति के तहत पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया, पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी, रणवीर जाटव, धुवनारायण सिंह, उमेश शुक्ला समेत कई अनुभवी नेताओं को अलग-अलग शक्ति केंद्रों की कमान सौंपी गई है, ताकि चुनावी अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाया जा सके।