छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय, तीन सिस्टम के असर से अगले दो दिन भारी बारिश के आसार
छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटे में सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सूरजपुर में सबसे अधिक 190 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, वहीं तमनार, अंबिकापुर, लटोरी, बरपाली और रायपुर समेत कई क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा हुई। विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के मध्य और उत्तर हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून द्रोणिका, ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण और पूर्व-पश्चिम शियर जोन—इन तीन सक्रिय मौसमी सिस्टमों के संयुक्त प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिल रही है, जिससे प्रदेशभर में बारिश का दौर बना हुआ है। 22 जुलाई तक राज्य में औसत 389 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य का 92.5 प्रतिशत है। रायपुर समेत 14 जिलों में सामान्य या उससे अधिक बारिश हो चुकी है, जबकि 19 जिले अब भी सामान्य से कम वर्षा की श्रेणी में हैं।