Since: 23-09-2009
मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पारस जैन का सोमवार सुबह 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और इंदौर के एक निजी अस्पताल में उपचाररत थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उन्होंने तीन दिन पहले जैन धर्म की परंपरा के अनुसार संथारा (सल्लेखना) ग्रहण किया था। उनके निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित भाजपा नेताओं और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया। पार्थिव शरीर को इंदौर से उज्जैन लाया गया है, जहां सोमवार दोपहर 2 बजे अरिहंत नगर स्थित निवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।
पारस जैन उज्जैन उत्तर विधानसभा सीट से छह बार विधायक रहे और मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा ने टिकट नहीं दिया था। परिजनों के अनुसार, उन्होंने जीवनकाल में नेत्रदान, देहदान और चर्मदान का संकल्प लिया था, जिसकी प्रक्रिया उनकी अंतिम इच्छा के अनुरूप अंतिम संस्कार से पहले पूरी की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने उज्जैन पहुंचेंगे।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |