Since: 23-09-2009
मॉडल से साध्वी बनीं हर्षा रिछारिया, जिन्हें साध्वी हर्षानंद गिरि के नाम से भी जाना जाता है, ने कांवड़ यात्राओं में बढ़ती कथित कुरीतियों को लेकर सवाल उठाए हैं। इंदौर विधायक गोलू शुक्ला की बाणेश्वरी कांवड़ यात्रा में शामिल होने के चार दिन बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि कांवड़ यात्रा की आड़ में नशा, शराब और अश्लील डांस जैसी गतिविधियां हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है, इसलिए इसमें ऐसी गतिविधियों की जगह नहीं होनी चाहिए।
साध्वी हर्षा ने सरकार से कांवड़ यात्राओं में नशे के इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की। उन्होंने बड़ी झांकियों और तेज आवाज वाले डीजे के साथ भगवान शिव-पार्वती के रूप में आपत्तिजनक या अश्लील प्रदर्शन पर भी प्रतिबंध लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि श्रद्धा के साथ यात्रा करने वाले कांवड़ियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए और धार्मिक आयोजनों को प्रदर्शन या मनोरंजन का माध्यम बनने से रोकना जरूरी है। साध्वी ने चेतावनी दी कि समय रहते ऐसी गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले वर्षों में इन्हें नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |