Since: 23-09-2009
भोपाल के रत्नागिरी तिराहा से आशाराम तिराहा तक करीब 16 किलोमीटर लंबी अयोध्या बायपास 10 लेन रोड पर 18 व्हीकल अंडरपास बनाए जा रहे हैं। करीब 700 से 800 मीटर के अंतराल पर बनने वाले इन अंडरपास से सड़क के दोनों ओर रहने वाली करीब एक लाख की आबादी को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों को मुख्य सड़क पार करने के लिए लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा। प्रोजेक्ट में एक रेल ओवर ब्रिज का निर्माण भी प्रस्तावित है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण इस पूरे प्रोजेक्ट को करीब 1000 करोड़ रुपए की लागत से तैयार कर रहा है। शुरुआत में प्रोजेक्ट की लागत 832 करोड़ रुपए तय की गई थी, लेकिन निर्माण शुरू होने में देरी के चलते इसमें करीब 170 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई। काम को 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। 10 लेन रोड में मुख्य सिक्स लेन मार्ग के अलावा दोनों तरफ दो-दो लेन की सर्विस रोड भी शामिल है, जिससे आसपास की कॉलोनियों और स्थानीय ट्रैफिक को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
अयोध्या बायपास के दोनों ओर करीब 60 कॉलोनियां बसी हुई हैं। सड़क का स्तर कई जगह आसपास की जमीन से करीब ढाई फीट तक ऊंचा होने के कारण स्थानीय लोगों के सामने बारिश के पानी और सीवेज की निकासी की समस्या बनी हुई है। सड़क किनारे बनी बड़ी डक्ट ने भी कई जगह कॉलोनियों के सामने अवरोध जैसी स्थिति पैदा कर दी है। ऐसे में निर्माणाधीन अंडरपास केवल आवाजाही का रास्ता ही नहीं, बल्कि बारिश के पानी की निकासी में भी अहम भूमिका निभाएंगे। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद स्थानीय आबादी को आवागमन और जल निकासी, दोनों मोर्चों पर राहत मिलने की उम्मीद है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |