Since: 23-09-2009
इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अब तक 50 हजार से ज्यादा छात्र ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। कार्यक्रम के लिए स्थान अभी तय नहीं हुआ है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मुलाकात कर रीजनल पार्क के सामने स्थित खुले मैदान में आयोजन की अनुमति मांगी है। इसके अलावा खंडवा रोड स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय परिसर और जीएसीसी के पीछे के मैदान को भी विकल्प के तौर पर सुझाया गया है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि युवाओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह है और संगठन स्तर पर छात्रों तक पहुंच बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। ब्लॉक, वार्ड और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है। महिला कांग्रेस भी अलग-अलग जिलों में छात्राओं से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस के मुताबिक बड़ी संख्या में युवा इंदौर पहुंचकर राहुल गांधी से संवाद करेंगे।
वहीं कार्यक्रम के प्रस्तावित स्थल को लेकर बीजेपी ने प्रशासन के सामने आपत्ति दर्ज कराई है। बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने पुलिस और जिला प्रशासन से जमीन के स्वामित्व और उपयोग की अनुमति की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उनका कहना है कि जिस जमीन को कार्यक्रम स्थल बताया जा रहा है, उससे जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में प्रशासन को यह जांचना चाहिए कि आयोजकों ने संबंधित प्राधिकरण से जरूरी अनुमति ली है या नहीं। अब कार्यक्रम की जगह और अनुमति को लेकर प्रशासन के फैसले पर सभी की नजर है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |